अयोध्या। दीपावली के दूसरे दिन सोमवार सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र के रिकाबगंज इलाके में स्थित बैग व कॉस्मेटिक के दोमंजिला शोरूम में आग लग गई। शहर के सबसे व्यस्त इलाके में आग की सूचना पाते ही फायरब्रिगेड की गाड़ियों समेत कमिश्नर, आईजी, डीएम व एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों तरफ से रास्ता बंद कराकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
फायरबिग्रेड की सात गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग में दुकान पर रखा लाखों रुपये कीमत का माल जलकर राख हो गया। अधिकारियों के मुताबिक ये आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी।
रिकाबगंज में मां हट्टी महारानी के मंदिर के पास बने एक शोरूम से सोमवार सुबह करीब 08:45 बजे लोगों ने धुआं उठते देखा। चंद मिनट में ये धुआं भीषण आग में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व फायरब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की दो गाड़ियों व पुलिस के जवानों ने शोरूम के मुख्य गेट को गैस कटर से काटकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन दुकान के अंदर रखे प्लास्टिक के बैग से निकल रही लपटों के चलते वो अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
बाद में पांच अन्य फायर टेंडर को बुलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, इस दौरान रिकाबगंज से चौक आने-जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया। आग की सूचना पर कमिश्नर मनोज मिश्र, आईजी संजीव गुप्त, डीएम अनुज कुमार झा, एसएसपी आशीष तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ये शोरूम मो. तैय्यब निवासी फैजाबाद का है, जिसका दीपावली के बाद उद्घाटन होना था। तैय्यब के अनुसार आग से पूरा शोरूम व उसमें रखा सारा माल जल गया है। इससे उन्हें लाखों रुपये की क्षति हुई है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है। शोरूम अभी नया बना था, जिसका उद्घाटन होना था। इसके चलते शोरूम मालिक ने अभी आग से बचाव के यंत्रों को नहीं लगवाया था। एसएसपी ने कहा कि शहर की सभी दुकानों, प्रतिष्ठानों, होटलों व शॉपिंग कॉम्पलेक्स के मालिकों को पूर्व में ही अग्निशमन यंत्रों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में लगवाने को कहा गया था, जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी।
जिला अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे सूचना मिलते ही पहले फायरब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।