मिल्कीपुर अमानीगंज मार्ग पर सिद्धनाथन मंदिर के पास हुए हादस में इसी ट्रक के रौंदने से हुए चचेरो भाइयों की मौत ।
- फोटो : अमर उजाला
इनायतनगर थानाक्षेत्र के मिल्कीपुर-अमानीगंज मार्ग पर रविवार सुबह घने कोहरे के बीच एक ट्रक ने सिद्धनाथन मंदिर के पास बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही दोनों बाइक सवार युवकों ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से पांच किमी. दूर ट्रक को पकड़ लिया लेकिन चालक भाग निकला। मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दोनाें युवकों ने हेलमेट नहीं पहन हुआ था। खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
रविवार दिन में 11 बजे रामू (22) पुत्र नान्हू व राजकुमार (21) पुत्र शिव प्रसाद निवासी ग्राम बेलखरा थाना खंडासा बाइक से मिल्कीपुर की ओर जा रहे थे। सिद्धनाथन मंदिर के पास घना कोहरा था। तभी बाइक सवार युवकों ने एक एसयूवी को ओवरटेक करते हुए आगे निकले और सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंद डाला।
क्षणभर में दोनों चचेरे भाइयों की जिंदगियां खत्म हो गईं और सड़क खून से सन गई। घर से बमुश्किल दो किमी. दूर हुए इस हादसे की सूचना जब परिवारीजनों को हुई तो कोहराम मच गया।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और चालक ट्रक लेकर भाग निकला। इधर ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची इनायतनगर थाना पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद पोेस्टमार्टम को भेज दिया।
उधर ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल से लगभग पांच किमी दूर अमरगंज में ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया लेकिन चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। इनायतनगर थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने इसकी पुष्टि की।