तेजापुर के पास हादसे में हुई महिला की मौत के बाद विलाप करते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
गांव के एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर इलाज कराने जा रही महिला अचानक गिर गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई जबकि बाइक सवार युवक को खराेंच तक नहीं आई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है और ट्रक को कब्जे में लिया है।
अंबेडकनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के अटवाई गांव निवासी राजेश कुमार (35) की पत्नी माया देवी (32) बीमार थी। शुक्रवार की सुबह तकरीबन आठ बजे राजेश को किसी काम से रुकना पड़ गया तो पत्नी गांव के ही अविनाश कुमार के साथ बाइक से गोसाईगंज स्थित अस्पताल के लिए चल पड़ी।
सुबह तकरीबन नौ बजे फैजाबाद-अंबेडकनगर मार्ग पर गोसाईगंज थानाक्षेत्र के तेजापुर गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में अचानक बाइक फंस कर अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर ही गिर गई। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंद दिया। और घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई।
हल्ला गुहार मच गई। जब तक आस पास के लौग मौके पर पहुंचते दुर्घटना करने वाले ट्रक का चालक वाहन छोड़ भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। थानाध्यक्ष शिवाजी सिंह कुशवाहा ने बताया कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। बताया कि बाइक सवार युवक को चोट नहीं आई है। मृत महिला के दो पुत्रियां व एक पुत्र है। खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया।