अयोध्या। परिवहन विभाग के अफसर गुरुवार को उस समय भौचक रह गए जब हाईवे पर गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर चालक का एक पैर में फ्रैक्चर मिला। फिर भी वह वाहन चला रहा था। यह तब है जब सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ वाहनों की चेकिंग के प्रवर्तन कार्रवाई भी चलाई जा रही है।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ऋतु सिंह गुरुवार को नेशनल हाईवे पर चेकिंग अभियान का निरीक्षण करने निकली थी। बिना रिफ्लेक्टर लगे ट्रैक्टर दिखे तो उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और पीटीओ को तलब किया। चेकिंग के बाद बिना रिफ्लेक्टर और बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों के चालान करवाया।
इसके बाद गलत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकवाने पर अधिकारी भौचक रह गए। देखा तो पता चला कि चालक का एक पैर में फ्रैक्चर था और वह ट्रैक्टर चला रहा था। कार्रवाई के साथ हिदायत दी। कहा कि ऐसी लापरवाही और नियमों की अनदेखी कभी भी हादसे का सबब बन सकती है।
चालान करने के साथ प्रवर्तन दलों ने ट्रैक्टर्स पर रिफ्लेक्टर लगवाए। बताया कि चीनी मिल प्रबंधकों को भी निर्देशित किया गया है कि सभी ट्रैक्टर ट्रॉली पर मानक के अनुसार रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगवाएं।