राष्ट्रीय महिला आत्या-पात्या प्रतियोगिता पांडुचेरी में कांस्य पदक जीतने वाली प्रदेश की टीम के दस बालिका सहित बारह खिलाड़ियों को 17 मई को वनराज्य मंत्री तेज नारायण पांडेय 20 हजार रुपये का प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि मंडल के 12 खिलाड़ियों को राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश की महिला आत्या-पात्या टीम ने कांस्य पदक जीता था। प्रदेश की टीम में जिले के संतबाल विकास इंटर कॉलेज की 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर पदक जीता था।
इन पदक विजेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए 20 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। क्रीड़ा अधिकारी भानु कुमार ने बताया कि 17 मई को 11 बजे वन राज्य मंत्री तेज नारायण पांडेय सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
सम्मानित होने वालों में मन्नतुल निशा, पूजा भारती, शिखा सिंह, श्वेता सिंह, शशि सिंह, ब्यूटी सिंह, प्रीति रावत, रेखा वर्मा, अनामिका श्रीवास्तव, रजनी सिंह, सभी फैजाबाद की आत्या-पात्या खिलाड़ी हैं, सुल्तानपुर के रजनीश दूबे को वॉलीबाल में और अंबेडकरनगर की विजय लक्ष्मी को एथलेटिक्स में 30-30 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया जाएगा।
खेल विभाग के प्रभारी सालिग राम ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम के बहुउद्देशीय हॉल में 11 बजे समारोह होगा। आत्या-पात्या संघ के सचिव विजेंद्र सिंह, क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल, जिला ओलंपिक संघ के सचिव जितेंद्र सिंह ने सरकार की पहल का स्वागत किया है।