दुकानों से पॉलिथीन जब्त करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
पॉलीथिन के खिलाफ नगर के चौक व बजाजा में सोमवार को अभियान फुस्स हो गया। दरअसल पुलिस-प्रशासन, नगर पालिका और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसरों के छापे मारने की सूचना लीक होने के चलते ठेले वाले भाग गए। ऐसे मे अभियान के दौरान सिर्फ चार किलोग्राम पॉलीथिन ही जब्त की जा सकी।
जिन दुकानदारों के पास पॉलीथिन मिली, उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। प्रदेश में पॉलीथिन की बिक्री और इनमें सामान रखकर बेचने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद ठेलों और दुकानों से पॉलीथिन बैगों में खुलेआम सामान बेचा जा रहा है। ग्राहक भी सामान लेने के लिए खाली हाथ बाजार जाते हैं।
प्रतिबंध के बावजूद पॉलीथिन की बिक्री को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए इसके खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया है। जिसके तहत सोमवार को नगर पालिका के ईओ रविशंकर शुक्ल, सीएसआई क्षितिज मिश्र, एसआई आदेश कुमार सैनी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी और पुलिसकर्मी छापेमारी करने चौक पहुंचे।
खबर पाकर कई मीडियाकर्मी भी चौक पहुंच गए। मगर इस बीच दुकानदारों व ठेले वालों को भनक लग गई। इस पर चौक व बजाजा में अधिकतर ठेले वाले भाग गए और दुकानदारों ने भी पॉलीथिन छिपा दी। कुछ दुकानदार तो ठेले छोड़कर भाग गए।
कुछ दुकानों की जांच में करीब चार किलोग्राम पॉलीथिन पकड़ी गई। इन दुकानदारों को चेतावनी देने के साथ ही पॉलीथिन जब्त कर ली गई। कहा, पॉलीथिन के खिलाफ छापेमारी अभियान जारी रहेगा।