अवध विश्वविद्यालय के छात्र महेंद्र कुमार के सौ रुपये रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की पर ड्यूटी कर रहे क्लर्क की ओर से न लौटाने का मामला सामने आया है। छात्र ने गवाहों के साथ इसकी शिकायत स्टेशन मास्टर ऑफिस की शिकायत पुस्तिका में दर्ज की है।
उप स्टेशन अधीक्षक ने डीआरएम को मामले की रिपोर्ट भेजी है। अवध विश्वविद्यालय के सरयू छात्रावास में रहने वाला महेंद्र कुमार अपने तीन साथियों के साथ शुक्रवार सुबह टिकट लेने खिड़की पर गया था। खिड़की पर टिकट बाबू को सौ-सौ के पांच नोट देकर उसने तीन टिकट वाराणसी और एक टिकट धनबाद का मांगा।
चारों टिकटों का मूल्य 405 रुपयेे हुआ तो क्लर्क ने महेंद्र से पांच रुपये छुट्टा देने को कहा। पांच रुपये और देने पर क्लर्क ने टिकट तो दिया, लेकिन सौ रुपये नहीं लौटाए। नोकझोंक के बाद भी क्लर्क ने रुपये नहीं दिए तो छात्र ने गवाहों के साथ शिकायत एसएम कार्यालय में रखी शिकायत पुस्तिका में दर्ज कर दी।
इसके बाद ड्यूटी पर तैनात उप स्टेशन अधीक्षक एमएन मिश्र, परिवादी व गवाहों को लेकर टिकट घर गए। मगर छात्र को न तो रुपये दिलवा सके और न ही कोई फैसला कर सके।
अवध विवि के छात्र ने एक क्लर्क पर सौ रुपये वापस न करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की है। डीआरएम कार्यालय को मामले से अवगत करा दिया है। अब पक्ष-विपक्ष के बारे में निर्णय वहीं से होगा। --एमएन मिश्र, डिप्टी एसएस फैजाबाद