डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में शुक्रवार को छह साल के लंबे इंतजार के बाद पीएचडी में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई। कला संकाय के अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र व समाजशास्त्र विषय का साक्षात्कार पीएचडी प्रवेश समन्वयक डॉ. विनोद कुमार पांडेय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
पहले दिन 199 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 82 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। जबकि 117 इंटरव्यू से अनुपस्थित रहे। विवि परिसर स्थित परीक्षा भवन में शुक्रवार सुबह दस बजे से शुरू हुए साक्षात्कार में सबसे पहले अंग्रेजी विषय में पीएचडी के लिए इंटरव्यू हुआ। इसमें 76 के सापेक्ष 26 अभ्यर्थी शामिल हुए।
इसके बाद हुए राजनीति शास्त्र के साक्षात्कार में 71 के सापेक्ष 32 अभ्यर्थी और समाजशास्त्र विषय में 52 के सापेक्ष 24 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया। इस दौरान कुलपति प्रो. जीसीआर जायसवाल ने भी निरीक्षण कर साक्षात्कार प्रक्रिया का अवलोकन किया और समन्वयक को दिशा-निर्देश दिया।
डॉ. पांडेय ने बताया कि सभी विषयों का साक्षात्कार विषय संयोजक, वरिष्ठ शिक्षक व वाह्य विषय विशेषज्ञ सहित चार सदस्यीय टीम ने लिया। उन्होंने छह साल बाद पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए कुलपति के प्रयास की सराहना भी की।