सरयू नदी में गुरुवार को यात्रियों से भरे मोटरबोट का मोटर खराब हो गया तो बोट समेत उसमें बैठकर सैर कर रहे चार युवक बहने लगे। शोर मचाने पर सक्रिय हुई पुलिस ने लगभग आठ किलोमीटर दूरी पर मोटरबोट को पकड़कर युवकों को सकुशल बचा लिया।
नयाघाट चौकी के प्रभारी दीवान देवेंद्र सिंह ने बताया कि चार युवक विनय सिंह निवासी हैदरगंज, विशाल राय निवासी जबलपुर मध्य प्रदेश, सचिन दुबे व हुुकुम सिंह निवासी सरहना मध्य प्रदेश मोटरबोट में बैठकर नदी में सैर कर रहे थे। बीच धारा में मोटर अचानक खराब हो गई तो बोट नदी की तेज धारा में बहने लगी।
यह नजारा देख यात्री दहशत में आ गए। गुहार व शोर पर घाट पर मौजूद पुलिस कर्मी अवधेश और कैलाश दूसरी मोटरबोट लेकर गए। लगभग आठ किलोमीटर दूर विक्रमजोत जिला बस्ती के पास बोट पकड़ में आई तो चारों युवकों को सकुशल बचाकर लाया गया।