पटरंगा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे के रानीमऊ चौराहा पर शनिवार की दोपहर दो बाइक सवारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों बाइकों पर सवार तीन लोगों में से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। रानीमऊ चौराहा पर शनिवार को दो बाइक सवार विपरीत दिशा में चले जा रहे थे।
बताते है कि एक बाइक सवार नशे में था। जो अपना नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहीं बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे।
दुर्घटना में पटरंगा थाना क्षेत्र के बकौली गांव निवासी हरिशंकर गुप्ता व मोल्हे रावत निवासी कोतवाली रामसनेहीघाट जिला बाराबंकी को गंभीर चोटें आई। जबकि हरिशंकर के साथी बाइक सवार को हल्की चोट आई हैं।
पटरंगा थाना के हाईवे चौकी प्रभारी सुधीर यादव ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बनीकोडर भिजवाया। जहां घायलों की हालत गंभीर होने पर पहले उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी और फिर वहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।