लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में मरीज छोड़कर वापस फैजाबाद लौट रही एंबुलेंस रविवार सुबह नेशनल हाईवे पर वाहन से जा टकराई। चालक समेत उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीन को लखनऊ रेफर किया गया है।
रविवार सुबह चार बजे लखनऊ से लौट रही एंबुलेंस की रौनाही थाने की सत्तीचौरा चौकी क्षेत्र स्थित एक ढाबे के सामने खड़े वाहन से टक्कर हो गई। जिस वाहन से एंबुलेंस टकराई वह मौके से भाग निकला।
पुलिस ने चार घायलों को एंबुलेंस मंगाकर जिला अस्पताल भेजवाया। सभी घायलों के बेहोश होने से उनकी पहचान नहीं हो सकी। दो घायलों को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
तीसरे घायल की पहचान उसके पिता सत्यराम के आने पर 25 वर्षीय संजय यादव के रूप में हुई। सत्यराम ने बताया कि बस्ती जिले के निवासी उसके पुत्र संजय के साथ विकास चौधरी और रंजीत लखनऊ आए हुए थे, लौटने के लिए एबुंलेंस चालक ने बैठा लिया।
घायल विकास व रंजीत लखनऊ ट्रॉमा सेंटर पहुंच चुके हैं। जबकि संजय यादव को भी दोपहर बाद रेफर कर दिया गया है। एंबुलेंस चालक ने अपना नाम उस्मान (32) बताया है।