फैजाबाद में अकबरपुर हाईवे पर बरईपारा गांव के सामने से ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
फैजाबाद-अकबरपुर स्टेट हाईवे पर शनिवार की रात बेकाबू ट्रक ने एक मिनी ट्रक को टक्कर मार दी। इस दौरान मिनी ट्रक में लदा एंगल ट्रक ड्राइवर के सीने में घुस जाने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में मिनी ट्रक के परखचे उड़ गए। इसके बावजूद उसमें सवार ड्राइवर व खलासी बाल-बाल बच गए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के बरईपारा गांव के सामने शनिवार की रात नौ बजे दुर्घटना हुई। अंबेडकरनगर से फैजाबाद की तरफ जा रहे ट्रक ने बरईपारा गांव के सामने विपरीत दिशा से आ रहे मिनी ट्रक को टक्कर मार दी। मिनी ट्रक के परखचे उड़ गए और ट्रक पेड़ से जा टकराया।
मिनी ट्रक पर लोहे के एंगल लदे थे। जो ट्रक ड्राइवर के सीने में जा घुसा और उसकी वहीं मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला और सीएचसी मया भेजवाया, जहां मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महराजगंज थानाध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि मृत ट्रक ड्राइवर की पहचान बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के वहीउद्दीनपुर निवासी पंकज कुमार मिश्रा (28) के रूप में हुई है। उसके परिवारीजनों को सूचना भेज दी गई है। शव को पोेस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।