थानाक्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से चार दिन पूर्व एक मजदूर का चार वर्षीय पुत्र कन्हैया यादव व बेटी पूजा यादव (14) तथा इंटर के छात्र रमेश कुमार निषाद (17) के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से पीड़ित परिवारों के घर कोहराम मचा है। दोनों परिवारों की तरफ से गुमशुदगी दर्ज किए जाने की तहरीर पुलिस को दी गई है। बच्चों के लापता होने को लेकर गांवाें में तरह तरह की चर्चा है।
पहली घटना थाना क्षेत्र के गांव पंचायत हुसेनपुर निवासी मजदूर खदेरू यादव के परिवार में हुई। मजदूर की बेटी पूजा व बेटा कन्हैया बीते बुधवार की दोपहर 15 मार्च को अचानक घर से लापता हो गए। घटना के समय परिवारीजन दूसरे गांव में मजदूरी करने गए थे।
मजदूरी कर लौटे परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला। मां मंजू देवी ने ग्राम प्रधान किशन निषाद के साथ थाने पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र दिया। गांव में चर्चा है कि घटना के दिन से ही परिवार से जुड़ी एक महिला भी लापता है।
दूसरी घटना थाना क्षेत्र के गांव पंचायत पारागरीबशाह में हुई। 15 मार्च की दोपहर कपड़ा प्रेस कराने की बात कहकर घर से निकले इंटर के छात्र रमेश कुमार निषाद पुत्र खदेरू निषाद भी लापता है। लापता बच्चे की मां इंद्रावती ने थाने पर बेटे के लापता होने की सूचना दी।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है एक ही दिन तीन बच्चों के लापता होने की बात ग्रामीणों के गले से नीचे नहीं उतर रही है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रमापति सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच बीट दरोगा इसहत खान को सौंपी गई है। लापता बच्चों की सुरागरसी कराई जा रही है।