अयोध्या। रामपथ की खोदाई के दौरान तीन जगह पेयजल की लाइनें मंगलवार को टूट गई थीं जिसके चलते चार हजार परिवारों को बुधवार दोपहर तक पानी नहीं मिल पाया। लोक निर्माण विभाग की इस लापरवाही पर नगर निगम के अधिकारियों ने पत्र लिखकर नाराजगी जताई। इस पर बुधवार शाम तक दो प्वॉइंट ठीक हो चुके थे और बेनीगंज में मरम्मत का काम जारी था।
रामपथ के निर्माण के दौरान लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार जमकर लापरवाही बरत रहे हैं। दसकी वजह से पेयजल लाइनें और टेलीफोन लाइनें टूट रही हैं। रामपथ पर मंगलवार को जब डक्ट के लिए खोदाई हो रही थी तो साहबगंज, बेनीगंज और रिकाबगंज में तीन जगह पेयजल की लाइनें टूट गईं। इससे इस क्षेत्र में चार हजार घरों में शाम को पानी की आपूर्ति बंद हो गई। यह सप्लाई बुधवार दोपहर बाद ही चालू हो पाई। इस दौरान लोग दूर-दूर से पानी ढोकर लाते नजर आए।
नगर निगम के जलकल विभाग के सहायक अभियंता गिरिजेश तिवारी ने बताया कि साहबगंज और रिकाबगंज में मरम्मत का काम पूरा होने पर सप्लाई शुरू हो गई है। बेनीगंज में मरम्मत चल रही है। जलकल के महाप्रबंधक महेशचंद्र आजाद ने शहर में निर्माण कार्यों के लिए बनी जिला स्तरीय समन्वय समिति के प्रमुख एडीएम सिटी को पत्र भेजकर लोनिवि की इस कार्यशैली पर नाराजगी भी जताई है।