अयोध्या। थाना कैंट के रायबरेली बाईपास स्थित मानस नगर कॉलोनी में स्थित श्रीनगर में तैनात एक सैनिक के घर में चोरों ने दरवाजा तोड़कर लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात के समय उसकी पत्नी बगल स्थित एक रिश्तेदार के घर वैवाहिक समारोह में भाग लेने गई थी। सैनिक की पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है।
कैंट थाना अंतर्गत रायबरेली बाईपास के पास स्थित मानस नगर कॉलोनी में श्रीनगर में तैनात सैनिक आलोक तिवारी ने आवास बना रखा है। वह बीते दिनों छुट्टी पर आए हुए थे और रविवार सुबह ही वापस ड्यूटी पर गए थे।
रविवार की ही रात करीब 9:30 बजे उनकी पत्नी रुचि तिवारी घर में ताला बंद कर पास में ही एक रिश्तेदार के यहां वैवाहिक समारोह में भाग लेने चली गईं।
रात करीब 11:30 बजे जब वह लौटी तो देखा घर का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर गई तो पाया कि कमरे में रखी आलमारी के बॉक्स में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची यूपी-100 व थाना कैंट पुलिस ने घटनास्थल की जांच व आसपास सर्च भी किया लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे।
कैंट थाना प्रभारी आशुतोष मिश्र ने बताया कि पीड़िता रुचि तिवारी की तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।