फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: 32 हजार करोड़ रुपये से सज रही दुनिया की सबसे वैभवशाली नगरी

विज्ञापन
जनसभा के दौरान बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गदा भेंट करते जिलाध्यक्ष व अन्य। -स
विज्ञापन
मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर सीएम ने भरतकुंड में की जनसभा संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

अयोध्या। योगीराज भरत की तपोस्थली भरतकुंड में बृहस्पतिवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या दुनिया की सबसे वैभवशाली नगरी बन रही है। जनवरी 2024 में श्रीरामलला अपने मंदिर आने वाले हैं, दुनिया अयोध्या का वैभव देखेगी। आज देश में अयोध्या ही एक मात्र ऐसा शहर है जहां एक साथ 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जिस दिन ये काम धरातल पर उतरेंगे, अयोध्या दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में दिखेगी। रामनगरी में इस जनसभा का आयोजन मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां प्रचारित करने के पार्टी के अभियान के तहत किया गया था।
जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या सबसे वैभवशाली नगरी और जनपद सबसे वैभवशाली बन रहा है। एक बार फिर से अयोध्या त्रेतायुग की याद दिला रहा है, जब रामराज्य की परिकल्पना को साकार किया गया था। आज उस ओर न सिर्फ अयोध्या जा रही है, बल्कि पूरे देश को पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रेरणा भी दे रही है। छह वर्ष पहले लोग अयोध्या का नाम लेने में संकोच करते थे, जबकि उनकी सरकार अयोध्या के विकास के लिए पूरी तरह से तत्पर है।
विज्ञापन

सीएम ने कहा कि अयोध्या में महापौर के साथ ही विभिन्न नगर निकायों में आपने डबल इंजन की सरकार पर विश्वास किया। इसलिए डबल इंजन की भाजपा सरकार आपके सहयोग से गांव हो या शहर, हर एक स्तर पर जनसुविधाओं व बुनियादी विकास के लिए कार्य कर रही है। आज उसी शृंखला में अयोध्या लोकसभा सीट के अंतर्गत दो हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण हो रहा है। योगी ने कहा कि 21 जून को योग महोत्सव का कार्यक्रम होगा। हमें इनसे जुड़ना चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। भारत मानवता कल्याण का नेतृत्व करता दिख रहा है।
इस दौरान अयोध्या के विकास की झलक पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। सीएम ने जनसभा के बाद युवा मोर्चा की बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाई। जनसभा में अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायकगण वेदप्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, एमएलसी हरिओम पांडेय, लोकसभा प्रभारी पद्मसेन चौधरी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र आदि मौजूद रहे।

आज एक घंटे में तय हो रहा लखनऊ व गोरखपुर का सफर
योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत वैश्विक मंच पर सम्मान पाता है। जिस ब्रिटेन ने दो सालों तक हम पर राज किया आज हम उसी ब्रिटेन को पछाड़कर देश की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व को जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा तो अगले पांच सालों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। इससे प्रति व्यक्ति की आय में वृद्धि होगी। कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पहले अयोध्या के लिए न सड़कें थीं और न ही ट्रेन। पहले गोरखपुर और लखनऊ से अयोध्या आने में पांच-छह घंटे लगते थे, आज एक घंटे में सफर तय हो रहा है।
सूर्यकुंड ने अहसास करा दिया कि इसी प्रकार अयोध्या बनेगी
सीएम ने बताया कि कल रात 11 बजे उन्होंने सूर्यकुंड देखा। उन्हें याद है कि आज से तीन-चार वर्ष पहले जब सूर्यकुंड गए थे तो यह जर्जर था। पानी सड़ रहा था। कोई पुरसाहाल नहीं था, लेकिन अब सूर्यकुंड ने अहसास करा दिया कि अयोध्या इसी प्रकार से बनेगी। सीएम ने सूर्यकुंड की स्थिति के बारे में लोगों से ही पूछा। जनप्रतिनिधियों से कहा कि जनता को रात्रि 8 बजे ले जाकर लाइट एंड साउंड दिखाएं। सीएम ने पूछा कि तीन महीने में गुप्तारघाट कितने लोग गए। वहां माताओं व बहनों को ले जाकर दिखाएं। प्रभु श्रीराम से जुड़े अन्य क्षेत्र छह वर्ष तक वीरान पड़े थे, आज चमकते दिख रहे हैं। गुप्तारघाट व आसपास के दृश्य यह नई अयोध्या के चित्रण हैं।
सूर्यकुंड की तर्ज पर करेंगे भरतकुंड का विकास
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे और भरतकुंड का विकास सूर्यकुंड की तरह बनाएंगे। उसी प्रकार से महात्मा भरत की साधना स्थली को लाइट एंड साउंड से प्रस्तुत करेंगे। तालाब का सुंदरीकरण होगा, यहां रह रहे लोगों का पुनर्वास होगा। जमीन को सुरक्षित रखते हुए इसे फिर से त्रेतायुग की ओर ले जाने का कार्य किया जाएगा।
राजपथ की तरह चमकेंगी अयोध्या की सड़कें
सीएम ने रामपथ निर्माण से हो रही परेशानी का जिक्र करते हुए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अभी प्रारंभिक रूप में कार्य के कारण परेशानी हो रही है, लेकिन बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुरुआती कठिनाई झेलनी पड़ती है। अगले चार-छह महीने में अयोध्या की सड़कें दिल्ली के राजपथ की तरह लगेंगी। हमने उसका नाम रामपथ ही रखा है। हनुमानगढ़ी के पीछे से सुग्रीव किला के पास से श्रीराम जन्मभूमि के लिए जो मार्ग जा रहा है, भक्तिपथ के रूप में शानदार मार्ग बनने जा रहा है। अयोध्या में इससे पहले इतने चौड़े मार्ग नहीं थे। पंचकोसी, 14 कोसी, चौरासीकोसी, नया बाईपास, रिंग रोड, फ्लाईओवर बन रहे हैं। चिकित्सालयों, शिक्षाकेंद्रों के विकास कार्यक्रमों को बढ़ाया जा रहा है।
विज्ञापन

अयोध्या के गौरव के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे
सीएम ने कहा कि अयोध्या के गौरव के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं देंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, श्रावस्ती, नैमिष तीर्थ, काशी, कुशीनगर का विकास हो रहा है। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है। पैसे की कमी तब होती थी, जब सरकारी खजाने पर डकैती डालने वाले लोग सत्ता में बैठकर परिवारवाद व जातिवाद का तांडव करते थे। तब पैसे की कमी नहीं होती थी। हमारे लिए जनता जनार्दन व प्रदेश ही परिवार है। डकैती डालने वालों की डकैती रोककर उस पैसे को हम विकास में लगा रहे हैं।
इन लाभार्थियों को किया सम्मानित
पीएम आवास योजना (ग्रामीण)- रेखा, बबिता
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)- अनिता, आरपी मिश्र
पीएम आवास योजना (शहरी)- अरुण कुमार, राजमणि, सिरताज
पीएम स्वनिधि: ब्रह्मशंकर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें