हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के दंतधावन कुंड तिराहे के पास लगे सुरक्षा बैरियर को सोमवार सुबह पीएसी के एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें बैरियर टूट कर सड़क से गुजर रहे एक साइकिल सवार के सिर पर लगा। इससे वह अचेत होकर वहीं पर गिर गया।
दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को रोक लिया। 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया लेकिन वह नहीं पहुंची तो श्रीराम अस्पताल से एंबुलेंस मांगा। मगर चालक न होने पर लोगों ने निजी साधन से घायल को ले जाकर भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैजाबाद से आ रहे 10वीं बटालियन पीएसी के ट्रक ने दंतधावनकुंड तिराहे पर लगे सुरक्षा बैरियर में जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैरियर टूटकर लगभग 50 मीटर दूर हनुमत संस्कृत महाविद्यालय के सामने से गुजर रहे साइकिल सवार राजकुमार गौड़ निवासी हनुमानगढ़ी चौराहा के सिर पर जा लगा।
टूटे बैरियर से उनके चेहरे व सिर पर गहरी चोट लगी और वह वहीं अचेत होकर गिर गए। उसके सिर से खून बहने लगा। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने पीएसी के ट्रक को रोक लिया। सूचना पर कोतवाल राजेश सिंह मौके पर पहुंचे तो लोगों की नाराजगी दूर हुई और घायल को अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायल की हालत स्थिर है।