अयोध्या। आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने की सुस्त रफ्तार पर सीएमओ ने नाराजगी जताई है। उन्होंने योजना के नोडल अधिकारी व जिला क्रियान्वयन इकाई को शनिवार को नोटिस देकर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही गोल्डन कार्ड बनाने की रफ्तार तेज करने के लिए निर्देशित किया है।
जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत 249274 परिवार चयनित हैं। इन परिवारों के अनुमानित 11,12,669 लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए गोल्डन कार्ड बनवाना होता है। मौजूदा समय में करीब 467320 लोगों का ही आयुष्मान गोल्डन कार्ड बना है, जो कि अनुमानित लक्ष्य का करीब 42 फीसदी ही है। इसके लिए सीडीओ की तरफ से पंचायत सहायकों को भी लगाया गया है, लेकिन इन दिनों कार्ड बनाने की गति लगभग थम सी गई है। प्रतिदिन औसतन 100 के ईद-गिर्द गोल्डन कार्ड ही बन रहे हैं।
इसकी वजह से गोल्डन कार्ड बनाने के मामले में अयोध्या की स्थिति अन्य जिलों की अपेक्षा बेहतर न होने से सीएमओ ने नाराजगी जताई है। शनिवार को उन्होंने योजना के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक पांडेय व सीएमओ कार्यालय में स्थित जिला क्रियान्वयन इकाई को नोटिस दिया है।
सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया कि इन दिनों आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने की रफ्तार धीमी हो गई है। जबकि, इसे बढ़ाने के लिए आरोग्य मित्रों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीडीओ के स्तर से भी प्रयास किया जा रहा है। सुस्त गति की वजह से नोडल व डीआईयू टीम को नोटिस दिया गया है।