त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना भले ही कम समय में कराने की रणनीति कारगर रही हो लेकिन जिला पंचायत के परिणाम घोषित करने में पसीने छूट गए। देर रात तक परिणाम घोषित होते रहे।
घोषित परिणाम भी आयोग की वेबसाइट पर नहीं दिखाई पडे़े। जिला पंचायत के चुनाव परिणाम की घोषणा और प्रमाणपत्र लेेने के लिए देर शाम तक कलेक्ट्रेट में भारी भीड़ रही।
निर्वाचन आयोग ने चुनाव परिणामों को ऑनलाइन फीड करने की व्यवस्था की थी। कोशिश थी आम लोगों को परिणामों की पूरी जानकारी आयोग की वेबसाइट से मिल सके लेकिन जिपं के परिणामों में यह व्यवस्था पंगु हो गई।
लगभग सभी मतगणना केंद्रों पर सोमवार की सुबह मतगणना समाप्त हो गई। इसके बाद मतगणना केंद्र के एआरओ को इसकी सूची जिला पंचायत के रिटर्निंग अफसर को देनी थी।
लेकिन शाम को छह बजे तक कई विकासखंड मतगणना केंद्र से प्रत्याशियों के मतों का आंकड़ा मुख्यालय के रिटर्निंग अफसर कार्यालय को नहीं मिल पाए थे।
इसके कारण जिला पंचायत के परिणाम देर रात तक घोषित होने की श्रंखला बनी रही। माना जा रहा है कि इस गति से सभी परिणामों की घोषणा मध्यरात्रि तक हो पाएगी।
परिणामों की घोषणा न होने से वेबसाइट पर शाम तक जिला पंचायत परिणाम के आंकड़े शून्य दिखते रहे। रात लगभग आठ बजे दर्जन भर परिणाम इस पर दिखे।
सहायक रिटर्निंग अफसर टीपी चौधरी का कहना था कि घोषणा के बाद परिणाम वेबसाइट पर फीड किए जाएंगे। यही हाल बीडीसी के लिए रहा।
रात पूरी हो गई मतगणना के बाद भी सोमवार की रात तक 60 से ज्यादा परिणाम फीड नहीं किए जा सके। इसकी वजह ग्रामीण क्षेत्र में नेटवर्क न होने की समस्या बताई गई।