करीब 15 मिनट तक लगा जाम कोतवाल के आपूर्ति सुचारु कराने के आश्वासन पर समाप्त हुआ। जुड़वां शहरों में तीन दिनों से बिजली सप्लाई बदतर हो गई है। दिन और रात में कई घंटे हो रही कटौती से लोग परेशान हैं।
हालात यह है कि क्षेत्रवासियों को रोजाना मात्र सात से आठ घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बुधवार की शाम से बिजली की आवाजाही लगी रही। रात नौ बजे बिजली गुल हुई तो 11 बजे लौटी। इसके चंद मिनटों बाद फिर गुल हो गई।
बिजली की आवाजाही का यह दौर रात ढाई बजे तक चला। सुबह पांच बजे फिर बिजली गुल हो गई। दिन भर बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
शाम को बिजली गुल हुई तो घंटों वापस न आने पर रानोपाली क्षेत्र में गुस्साए लोग अयोध्या-फैजाबाद रोड पर आ गए। सड़क जामकर पावर कार्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पर पहुंचे कोतवाल नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। प्रदर्शन में ओंकार चौधरी, अतुल सिंह, कन्हैया पाल, अंकुश चौधरी, बृजेश पटेल, राजकुमार साहू, महमूद शामिल रहे।