नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनंतदेव ने जनपद पहुंच हनुमानगढ़ी में माथा टेकने के बाद प्रभारी एसएसपी एसपी सिटी से कार्यभार ग्रहण कर लिया। यहां तैनात रहे मोहित कुमार शनिवार को ही तबादला आदेश मिलने के बाद चार्ज देकर मथुरा के लिए रवाना हो गये थे।
रविवार को मीडिया से मुखातिब होने के बाद नवागत एसएसपी ने प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि संवेदनशील जनपद में देश के वर्तमान हालात के मद्देनजर चौकसी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सूबे की राजधानी लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद व गोरखपुर में जिला पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके वर्ष 1987 बैच के प्रांतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अनंतदेव ने बताया कि 2006 में वह भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुए। एसटीएफ में डकैतों से मुठभेड़ को लेकर चर्चित देव ने कहा कि कानून-व्यवस्था उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने रविवार की सुबह मंडलायुक्त, डीआईजी और जिलाधिकारी से मुलाकात की।