फैजाबाद-शुक्रवार को ठठरईया के संतोष कुमार गुप्ता का चितिंत परिवार।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले दो दिनों से इस कदर परिस्थितियां बदलीं कि घर में शादी की जो भी तैयारी थी, उसे पूरी करने में कैश के संकट से गुजरना पड़ रहा है। जिन परिवारों में शादी बिल्कुल करीब है, व्यवस्था करने में उनके होश फाख्ता हो गए है।
जेब में पैसा ही नहीं है आखिर दुकानदारों को कैसे भुगतान करें। हाल यह है कि कई परिवार ऐसे भी मिले जो कि शादी की डेट आगे बढ़ाने पर भी विचार कर रहे हैं लेकिन तैयारी इतनी आगे बढ़ चुकी है कि विवाह की तिथि में बदलाव करना मुश्किल है।
मसलन हलवाई, टेंट, मैरिज हॉल सब पहले ही बुक कर चुके हैं। इनको बाकी रकम देनी है लेकिन जेब में रुपये ही नहीं हैं। नोट बंद होने से अनेक प्रकार की समस्याएं खड़ी हो गई हैं। जिन परिवारों में विवाह है, वे अपने नजदीक के रिश्तों को वित्त प्रबंधन के लिए टटोल रहे हैं लेकिन सबकी हालत तो एक ही जैसी है।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार अहिरौली निवासी रीता देवी ने बताया कि उनकी पुत्री अनुराधा पांडेय की शादी तीन दिसंबर को है। शादी में काफी खर्च आएगा लेकिन उस हिसाब से नई करेंसी नहीं मिल रही है।
पूरे नंदा तिवारी निवासी प्रमोद कुमार चौहान की शादी 23 नवंबर को तथा पूरे सेवक मिश्र निवासी अरुण मिश्र की शादी 24 नवंबर को है। दोनों के परिवारीजन दो दिनों से बैंक का चक्कर लगा रहे है लेकिन रुपया नहीं मिल पा रहा है। कमोबेश ऐसी ही परेशानियों से जिले के तमाम परिवार जूझ रहे है।