राज्य निर्वाचन आयोग ने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव के तिथियां तय कर दी है। अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है लेकिन इसकी संभावित तिथियां 27 नवंबर, एक दिसंबर, पांच व नौ दिसंबर घोषित की है।
जिले में 27 नवंबर को तीन ब्लाकों के चुनाव होने है। जिले में 27 नवंबर के पहले चरण के चुनाव को लेकर हलचल है। इसका कारण अयोध्या का प्रसिद्ध कार्तिक पूर्णिमा व परिक्रमा मेला है। अयोध्या का प्रसिद्ध मेला 19 नवंबर को शुरू होकर 26 नवंबर को समाप्त होगा। इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की आमद होगी।
पूरी की पूरी मशीनरी मेले में लगी होगी। सभी अफसरों के साथ ही पुलिस फोर्स का डिप्लायमेंट मेले में होगा। ऐसे में चुनाव में लगाए गए कार्मिकों का प्रशिक्षण, निर्वाचन की व्यवस्था करा पाना प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर होगी।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मेले और चुनाव के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग के इस बाबत पत्र भेजे जाने की रणनीति बनी है। इसमें आयोग से जिले के पहले चरण के मतदान की तिथि बदले जाने का प्रस्ताव होगा जिससे इसे संपन्न कराया जा सके।
चुनाव तिथि बदलने को भेजा जाएगा पत्र
राज्य निर्वाचन आयोग को जिले के पहले चरण के चुनाव तिथि बदलने के लिए पत्र भेजा जाएगा। अयोध्या मेले के कारण तैयारियों को लेकर होने वाली दिक्कतों के मद्देनजर समस्याओं का जिक्र किया गया है।
- आरएन शर्मा, अपर जिलाधिकारी नगर