मुलाकात के बाद फैजाबाद पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंप हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी है। ऐसा न होने पर मंडल भर के पेट्रोल पंप बंद करने की चेतावनी दी है।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्याध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सुबह सिविल लाइन स्थित एक होटल में संगठन ने शोक सभा कर दिवगंत अंबेडकरनगर जिलाध्यक्ष को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने परिक्षेत्र के उपपुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंच अपना विरोध जताया और हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की।
उन्होंने बताया कि पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर के पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष शोएब खान की रविवार को पेट्रोल पंप जाते समय बुलेरो सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी।
पूर्व में भी उनकी हत्या का प्रयास किया गया था। पदाधिकारी की हत्या से डीलर्स में असुरक्षा की भावना बलवती हो गई है। ऐसे में हत्या आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कराई जाए तथा पेट्रोल पंपों तथा डीलर्स की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाएं।
ऐसा न होने पर एसोसिएशन विरोध स्वरुप पूरे मंडल के पेट्रोल पंपों को बंद करने पर मजबूर होगा। प्रतिनिधिमंडल में संदीप पांडेय, कपिलदेव दूबे, अनिल कुमार सिंह, गिरिजा शंकर सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, भोलानाथ कौशल आदि शामिल रहे।