अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में शुक्रवार शाम कार्यपरिषद की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने की। बैठक में कुलसचिव उमानाथ ने कार्यपरिषद के सदस्यों को कार्यसूची से अवगत कराया। इस दौरान विशम्भर मेमोरियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूट राजपुर, गोंडा, पं. श्रीपति मिश्र पीजी कॉलेज तवक्लपुर नगरा सुरापुर कादीपुर जनपद सुल्तानपुर की संबद्धता समाप्त करने की सूचना दी गई।
बैठक में विश्वविद्यालय में पूर्व से गठित संकायों एवं विभागों के पुनर्गठन एवं नवीन विषयों एवं पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए अतिरिक्त परिनियम निर्मित करने पर सहमति प्रदान की। वर्ष 2020-21 में संबद्धता समितियों की संस्तुतियों के आधार पर कुल 289 अस्थायी, 130 स्थायी, 47 विस्तरण सहित कुल 466 महाविद्यालयों की संबद्धता का अनुमोदन बैठक में किया गया। बैठक में बायोकेमिस्ट्री विभाग के डॉ. शिवी श्रीवास्तव का वेतन को बांड भराने जाने के उपरांत निर्गत किये जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विशम्भर मेमोरियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूट राजपुर, गोंडा की संबद्धता समाप्त करते हुए महाविद्यालय के बीए, बीएससी एवं बीकॉम पाठ्यक्रम के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय परसपुर गोंडा में प्रवेश के लिए कार्यपरिषद को सूचित किया गया। बैठक में पं. श्रीपति मिश्र पीजी कॉलेज तवक्लपुर नगरा, सुरापुर कादीपुर सुल्तानपुर की संबद्धता समाप्त करते हुए महाविद्यालय के संस्थागत स्नातक एवं परास्नातक छात्र-छात्राओं को स्थानांतरित किए जाने पर परिषद को सूचित किया गया।
बैठक के पूर्व दिनांक 22 अक्तूबर 2020 को कार्यपरिषद की बैठक की कार्यवृत्ति की पुष्टि का अनुमोदन किया गया। साथ ही परीक्षा समिति की बैठक 18 जनवरी 2021 की कार्यवृत्ति पर अनुमोदन किया गया। बैठक में प्रो. चयन कुमार मिश्र, प्रो. रविन्द्रनाथ खरवार, प्रो. गोपाल नाथ, डॉ. अशोक कुमार राय, डॉ. वंदना रंजन, डॉ. नीलम यादव, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. केके सिंह, डॉ. जगवीर सिंह, वित्त अधिकारी धनंजय सिंह उपस्थित रहे।