अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विवि में नैक टीम ने तीसरे दिन विवि परिसर के विभिन्न विभागों का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता को परखा। टीम के सदस्यों ने विवि के विद्यार्थियों व शिक्षकों से बातचीत कर शिक्षण कार्य व पढ़ाई के तौर तरीकों की जानकारी लेकर विद्यार्थियों की शैक्षिक क्षमता का आंकलन भी किया। स्थलीय निरीक्षण का कार्य पूरा होने के बाद नैक टीम अपनी तैयार रिपोर्ट यूजीसी को सौंपेगी।
यूजीसी के दिशा निर्देश पर नैक टीम बीते दो दिनों से विवि में शैक्षिक गुणवत्ता के साथ साथ अन्य मानकों को परखने का कार्य कर रही थी। शनिवार को टीम ने इतिहास, पुरातत्व विभाग और जनसंचार व पत्रकारिता विभाग का निरीक्षण कर प्रपत्रों की जांच पड़ताल कर मौजूद विद्यार्थियों से सीधा संवाद भी किया। बातचीत में छात्रों की क्षमता, शैक्षिक गुणवत्ता, अध्यापकों की क्षमता का आंकलन किया गया।
टीम ने विभागों के स्तर पर तैयार उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण भी देखा। देर शाम तक टीम ने निरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया। नैक टीम अब अपनी रिपोर्ट यूजीसी को सौंप रविवार को रवाना होगी। विवि से जुड़े सूत्र बताते हैं कि नैक मूल्यांकन का परिणाम एक सप्ताह में आ जाने की उम्मीद है। नैक मूल्यांकन टीम द्वारा यूजीसी को सौंपी गयी रिपोर्ट पर चर्चा बाद विशेषज्ञ ग्रेडिंग निर्धारण का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।