अयोध्या। प्रादेशिक सेना में रिक्त विभिन्न पदों के लिए पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई। 14 से 19 अक्तूबर तक डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में चलने वाली इस भर्ती में सिपाही (जीडी), लिपिक, बावर्ची, नाई, धोबी, सफाईकर्मी पदों पर भर्ती की जाएगी। पहले दिन बिहार व मध्य प्रदेश के अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए मेरठ व देहरादून के सैन्य अधिकारी आए हैं।
प्रादेशिक सेना भर्ती में 15 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश, 16 को उड़ीसा, 17 को उत्तराखंड, 18 को झारखंड और 19 को छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। रिक्त पदों में सिपाही (जीडी) 71, लिपिक 02, बावर्ची 03, नाई 02, धोबी 03 और सफाईकर्मी का एक पद शामिल है। इसके लिए आयु सीमा 18 से 42 वर्ष है और शैक्षिक योग्यता दसवीं पास है।
वहीं लिपिक पद के लिए शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट के साथ ही कंप्यूटर टाइपिंग अनिवार्य है। शारीरिक योग्यता के लिए सामान्य वर्ग की ऊंचाई 160 सेमी और अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के लिए 155 सेमी अनिवार्य है। इसमें सैनिक व पूर्व सैनिक के पुत्रों को दो सेमी की छूट मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया के प्रथम दिन बिहार व मध्य प्रदेश के अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को पांच मिनट 40 सेकेंड में 1600 मीटर दौड़ लगानी होगी। दौड़ में पास होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक जांच प्रक्रिया व उसके बाद मेडिकल जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके बाद लिखित परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के प्रथम दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अयोध्या पहुंचे। इसके चलते रोडवेज से लेकर पोस्ट ऑफिस तिराहा व कैंट जाने वाले मार्ग पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। अभ्यर्थियों ने इस क्षेत्र में स्थित खाली पड़े स्थानों, पार्क, दुकानों के सामने डेरा डाल दिया। वहीं, बिहार व मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में आए अभ्यर्थियों ने सोमवार सुबह पोस्ट ऑफिस तिराहे के पास स्थित पोस्टल कॉलोनी में डेरा डाल दिया।
दोपहर बाद उनके कॉलोनी से बाहर नहीं निकलने पर स्थानीय लोग परेशान होने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने अभ्यर्थियों पर लड़कियों से छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया। कॉलोनी के लोगों ने एकत्र होकर अभ्यर्थियों से बाहर जाने को कहा तो मारपीट की नौबत आ गई।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सीओ ने अभ्यर्थियों को कॉलोनी से बाहर निकाला व कहा कि वो पुलिस लाइन ग्राउंड में रुक सकते हैं। बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान शहर में कहीं कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए 25 एसआई, 50 आरक्षियों को रोडवेज, रेलवे स्टेशन, पोस्ट ऑफिस तिराहा, सिविल लाइंस व कैंट रोड पर तैनात किया गया है। इसके अलावा नगर कोतवाली व थाना कैंट पुलिस, पीआरवी, चीता मोबाइल भी अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहेंगे।