रामकोट स्थित रामनिवास मंदिर। -संवाद
अयोध्या। राममंदिर परिसर के विस्तार के लिए ट्रस्ट कई मठ-मंदिर ले रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार देर रात रामनिवास मंदिर खरीदने को लेकर विवाद हो गया। मंदिर में रह रहे किरायेदार ने ट्रस्ट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। किरायेदार के समर्थन में महंत धर्मदास भी उतर आए हैं। जबकि ट्रस्ट द्वारा मंदिर के मालिकों से पहले ही रजिस्टर्ड अनुबंध कराया जा चुका है। रामनिवास मंदिर में लंबे समय से बतौर किरायेदार दुकान और मकान बनाकर रह रहे विनय गुप्ता का आरोप है कि उसे दूसरी जगह बसने के लिए 50 लाख देने की बात हुई थी। जैसे ही उसने राम मंदिर ट्रस्ट के दिये 24 लाख 99 हजार 750 रुपये का चेक को अपने बैंक खाते में लगाया, वैसे ही उसके घर में ताला बंद कर दिया गया और अब उसका परिवार सड़क पर है।
विनय गुप्ता का आरोप है कि ट्रस्ट ने जिनसे मंदिर खरीदा है उन्हीं में से एक वारिस ने उनसे कहीं और बसने के लिए 50 लाख रुपये देने की बात की थी। इस संबंध में उससे एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए गए थे लेकिन उसकी कोई कॉपी नहीं दी गई ।
इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब शुक्रवार देर रात राम मंदिर के पूर्व पक्षकार रहे महंत धर्मदास वहां पहुंच गए। उनका आरोप है कि मंदिर किसी की व्यक्तिगत नहीं भगवान की प्रॉपर्टी होती है। इसलिए उस पर न तो जबरन कब्जा किया जा सकता है और न ही उसे बेचा जा सकता है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को सलाह दी है कि वह कोई ऐसा कार्य न करें जिससे अयोध्या की जनता में अफरातफरी फैले।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जो लीगल लोग हैं उनको ट्रस्ट बाकायदा पैसा देकर प्रॉपर्टी लेता है। वह जो पैसा मांगते हैं उसको दिया जाता है और उसके बाद उसकी रजिस्ट्री ली जाती है। राम मंदिर ट्रस्ट किसी से कोई जबरदस्ती नहीं करता बल्कि सुरक्षा के आधार पर संपत्ति उनके खाते में पैसा देकर खरीदी जाती है। संपत्ति खरीदने के बाद उसमें मरम्मत आदि कराने के लिए कब्जा लिया जाता है और ताला बंद किया जाता है।