तेज धूप में छाता लेकर जाती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में गर्मी एक बार फिर सोमवार को चरम पर पहुंच गयी। तीन दिनों से चढ़ते पारे से हर कोई परेशान दिखा। घर से बाहर निकला हर इंसान तेज धूप के साथ चमड़ी में जलन को महसूस करता रहा। सबसे अधिक मुसीबतें स्कूली बच्चों के सामने रहीं।
शहर और गांव के स्कूल सुबह सात बजे से दिन में 11 बजे तक खुल रहे हैं। 44 डिग्री तापमान में बच्चों के चेहरे तेज धूप से लाल हो जा रहे थे। गनीमत है कि सोमवार को अधिकांश स्कूलों में समर वैकेशन घोषित होने से अब राहत मिलेगी।
सोमवार को 10 बजते ही आसमान से आग बरसने लगी। लोग सिर और मुंह में कपड़ा या गमछा लपेटकर निकले। मौसम विज्ञान विभाग ने अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक यानी 44 व 28 डिग्री सेल्सियस बताया है।
कहा, अगले कुछ दिनों में तापमान अभी और बढ़ सकता है। गर्मी से राहत को रेलवे स्टेशन, चौक, बस स्टैंड व दूसरे कई प्रमुख स्थलों पर स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों की ओर से प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
इस बीच एनसीसी कैडेट में शामिल स्कूली बच्चे भी रेल यात्रियों को पानी पिलाकर पुण्य कमा रहे हैं। इसके बाद भी लोगों को गर्मी और प्यास खासा परेशान कर रही है। ठंडे पानी की बोतलों की बिक्री बढ़ गई है।