अयोध्या की प्रसिद्ध चौरासी कोसी परिक्रमा रविवार को प्रसिद्ध सीताकुंड स्थल पर श्रीरामार्चा महायज्ञ की पूर्णाहुुति के बाद संपन्न हो गई। इस अवसर पर परिक्रमार्थियों ने रामकोट क्षेत्र की परिक्रमा के साथ अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया।
अयोध्या की प्रसिद्ध चौरासी कोसी परिक्रमा 23 अप्रैल को बस्ती जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मखभूमि मखौड़ा से आरंभ हुई थी। बस्ती, गोंडा, फैजाबाद जिलों में विभिन्न धार्मिक स्थलों की 22 दिनों की परिक्रमा पूरी कर यात्रा शनिवार की शाम सरयू तट अयोध्या पहुंची थी।
सरयू तट पर रात्रि विश्राम के बाद रविवार को सुबह सात बजे संत-धर्माचार्यों व श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम व श्रीराम नाम संकीर्तन के साथ रामकोट क्षेत्र की परिक्रमा की। परिक्रमा के पश्चात यात्रा प्रसिद्ध सीताकुंड स्थल पर पहुंची।
परिक्रमा के संचालक श्री अयोध्या धाम धर्मार्थ सेवा संस्थान के संयोजक महंत गयादास ने बताया कि सीताकुंड पर श्री रामार्चा महायज्ञ व हवन-पूजन का कार्यक्रम होगा। सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।