अमरगंज। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ मंदिर के पास शुक्रवार देर शाम शिक्षक की कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी कार का चालक भी घायल हो गया है। उसका इलाज चल रहा है।
शिक्षक मधुसूदन मिश्र शिक्षा क्षेत्र अमानीगंज के कोटिया द्वितीय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। विद्यालय से छुट्टी होने के बाद वे अपनी कार से अपने पैतृक गांव जिला आजमगढ़ में बहन की शादी का निमंत्रण देने जा रहे थे।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ मंदिर के पास अचानक उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने किसी तरह से उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला लेकिन वह खून से लथपथ हो गए थे। शिक्षक का पूरा परिवार लखनऊ में निवास करता है।
28 नवंबर को उनके बहन की शादी होने वाली थी। उसी से संबंधित शादी का निमंत्रण देने के लिए अपने पैतृक गांव जिला आजमगढ़ जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही अमानीगंज शिक्षा क्षेत्र के अनेक शिक्षक जिला अस्पताल पहुंच गए। कार शिक्षक स्वयं चला रहे थे। दूसरी कार का चालक भी दुर्घटना में घायल हो गया जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।