दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात करते सांसद लल्लू सिंह।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। रामघाट हाल्ट को पूर्ण स्टेशन का दर्जा दिलाने के लिए सांसद लल्लू सिंह ने दिल्ली में रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। सांसद द्वारा प्रकरण को प्रमुखता से उठाने के उपरांत रेल मंत्री ने इस विषय में अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी।
इससे पहले रेलवे के अधिकारियों के साथ सांसद लल्लू सिंह ने रामघाट हाल्ट का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण के दौरान स्टेशन में विकास की संभावनाओं के विषय में गहन चर्चा भी की थी।
सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार के द्वारा प्रदान की गई अयोध्या के विकास व पयर्टन की संभावनाओं को संबल प्रदान करने वाली कई योजनाओं में कार्य प्रगति पर है। जिससे अयोध्या के संतों व श्रद्धालुओं में उत्साह है।
अयोध्या में विभिन्न मेलों व पर्वो पर आने वाले श्रद्धालु सरयू में पूजन व स्नान अवश्य करते हैं। रामघाट हाल्ट सरयू तट पर स्थित है। श्रद्धालुओं द्वारा हाल्ट को पूर्ण स्टेशन का दर्जा देने की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। अयोध्या के संत भी यही चाहते थे। जल्द रामघाट हाल्ट में यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी तथा इसे पूर्ण स्टेशन का दर्जा प्राप्त होगा।