रुदौली। भगवती प्रसाद सरस्वती शिशु मंदिर, पहाड़पुर में होमवर्क न करने पर एक शिक्षक ने कक्षा-1 के मासूम की जमकर पिटाई कर दी। परिवारीजन शिकायत करने स्कूल गए तो शिक्षक ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद छात्र के पिता ने थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिव प्रसाद का पुत्र करन, भगवती प्रसाद सरस्वती शिशु मंदिर पारा पहाड़पुर में कक्षा-1 का छात्र है। पिता शिव प्रसाद के अनुसार सोमवार को होमवर्क पूरा न होने पर विद्यालय के शिक्षक बृजकिशोर वर्मा ने करन की डंडे से जमकर पिटाई कर दी। वापस घर आने पर करन ने इसकी जानकारी दी।
इसके बाद विद्यालय में जाकर शिक्षक से शिकायत की तो वह उलझ गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद पीड़ित छात्र के पिता शिव प्रसाद ने थाने पर तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की।
थाना प्रभारी मवई चंद्रभान यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक बृज किशोर शर्मा के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी शिक्षक बृज किशोर शर्मा ने बताया कि आरोप निराधार हैं। बच्चे को मारा नहीं गया है। सिर्फ होमवर्क पूरा न होने पर उसे डांटा था। एबीएसए यज्ञराम सैनी ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। बताया कि स्कूल पूरी तरह से अवैध है। उसे किसी भी प्रकार की मान्यता नहीं मिली है।