प्रधानाध्यापिका के विद्यालय देरी से आने पर प्रधान पुत्र के अगुवाई में सोमवार को ग्रामीणों ने विद्यालय में ताला जड़ दिया। सूचना पर बीईओ व राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा शांत कराया। मामला बीकापुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खजुरहट का है।
विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापिका सुनीता रावत जिला मुख्यालय से स्कूल आती हैं। वह अक्सर देर से स्कूल पहुंचती हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया। सोमवार को सुबह 9 बजे स्कूल खुलना था लेकिन स्कूल में 10 बजे तक प्रधानाध्यापिका नहीं पहुंची।
इससे आक्रोशित प्रधान पुत्र पंकज सोनी के अगुवाई में गांव के रामतेज, भृगुनंदन, ओमप्रकाश सहित सैकड़ों लोगों ने स्कूल में ताला जड़ कर प्रदर्शन किया। ग्रामीण जब प्रदर्शन कर रहे थे तब वह 10.30 बजे स्कूल पहुंची। सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी कमला प्रसाद प्रजापति और कानूनगो गिरीश राय ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। साथ ही प्रधानाध्यापिका को सख्त निर्देश दिया कि वह समय से स्कूल पहुंचे।