नयाघाट चौकी प्रभारी ओंकारनाथ यादव ने बताया कि लखनऊ बीबीडी में छात्रावास में रह कर बीबीए कर रहे संदीप मिश्र पुत्र ज्ञान प्रकाश निवासी देवलहा थाना कन्हई जिला प्रतापगढ़ अपने मित्रों अवनीश सिंह पुत्र जनार्दन सिंह निवासी लोकपुर शिवनगर, नैनी जिला इलाहाबाद, आशुतोष सिंह पुत्र रामपाल निवासी दिलेश्वरगंज जिला प्रतापगढ़, सत्येंद्र मिश्र पुत्र कुलदीप मिश्र निवासी जिला सुल्तानपुर, मलय मिश्र पुत्र शिव प्रताप मिश्र निवासी जिला गोंडा के साथ बाइक से सुबह लगभग साढ़े पांच बजे दर्शन-पूजन को आए थे।
सुबह लगभग साढ़े सात बजे सभी छात्र सरयू पुल के पूरब आरती घाट पर स्नान कर रहे थे। मलय मिश्र व सत्येंद्र मिश्र सरयू में स्नान कर बाहर निकल आए।
संदीप, अवनीश व आशुतोष स्नान कर रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में पहुंच संदीप डूबने लगा। संदीप को बचाने के लिए आगे बढ़े अवनीश व आशुतोष भी डूबने लगे।
गुहार पर गोताखोरों ने अवनीश व आशुतोष को सकुशल बचा लिया, जबकि संदीप नदी की धारा में गुम हो गया। पुलिस की सूचना पर छात्र के परिवारीजन अयोध्या आ गए हैं। गोताखोर डूबे छात्र की तलाश कर रहे हैं।