अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव पर ग्रहण लग गया है। इस वर्ष छात्रसंघ चुनाव नहीं हो पाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अबकी बार चुनाव कराने का समय नहीं बचा है।
दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने धारा 144 भी लागू कर रखा है जिसके चलते अभी तक चुनाव की अनुमति भी नहीं मिली है। वहीं, दूसरी तरफ 12 जनवरी से प्रायोगिक परीक्षाओं सहित अन्य विषयों की परीक्षाएं भी शुरू हो रही है जो 12 फरवरी तक चलेंगी। महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षा व चुनाव दोनों एक साथ संभव नहीं है।
साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव इस बार नहीं हो पाएगा। हर वर्ष नवंबर दिसंबर माह में छात्रसंघ चुनाव संपन्न करा लिया जाता था लेकिन इस वर्ष नवंबर माह में राममंदिर का फैसला आने के पहले से जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है जो कि फरवरी तक लागू है। ऐसे में प्रशासन द्वारा अभी तक चुनाव कराने की अनुमति भी प्रदान नहीं की गई है।
साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य अजय मोहन श्रीवास्तव ने साफ किया है कि इस बार महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि धारा 144 के चलते अभी तक प्रशासन ने चुनाव कराने की अनुमति नहीं दी है। दूसरी तरफ अब चुनाव कराने का समय भी नहीं बचा है। क्योंकि 12 जनवरी से 12 फरवरी तक अवध विश्वविद्यालय की प्रायोगिक परीक्षाएं विभिन्न तिथियों में होंगी। इसके अलावा 16 जनवरी से 18 जनवरी तक बीसीए एवं बीबीए की भी परीक्षाएं होनी हैं। 21 जनवरी से एलएलबी की परीक्षा शुरू हो रही है। ऐसे में चुनाव एवं परीक्षा एक साथ नहीं कराया जा सकता है।