अयोध्या। प्री मानसून ने गुरुवार को जिले में दस्तक दे दी। भोर में जिले में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि दोपहर फिर से तेज धूप निकल आई और उमस भरी गर्मी सताने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में छिटपुट वर्षा की संभावना है। जिले में गुरुवार सुबह मौसम सुहावना रहा। काले-काले बादल छा गए तो कहीं-कहीं बारिश हुई तो कहीं बूंदाबांदी ही हुई। हालांकि अभी गर्मी से राहत नहीं मिली है।
दोपहर 12 बजते ही तेज धूप व उमस ने लोगों को एक बार फिर बेहाल कर दिया। नगर क्षेत्र में जहां बरसात हुई व ग्रामीण क्षेत्र के कुमारगंज, मिल्कीपुर सहित कुछ क्षेत्रों में एक बूंद भी नहीं गिरी।
जबकि कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने से लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत थोड़ी देर के लिए ही सही लेकिन मिली। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। हवा सामान्य व सामान्य से तेज गति से पश्चिमी/पूर्वी चलने की संभावना है।