सब्जी मंडी कूढ़ा सादात में मानकों की उड़ रही धज्जियां।
- फोटो : FAIZABAD
भेलसर। नवीन सब्जी मंडी कूढ़ा सादात में सोशल डिस्टेंस की जमकर धज्जियां उड़ रही हैं। लोग बिना मास्क के एक दूसरे से मिलते हुए फल और सब्जियां खरीद रहे हैं। मंडी प्रशासन तमाम कोशिशों के बावजूद भी सोशल डिस्टेंस को लागू करने में सफल नहीं हो पा रहा है।
पूरा जिला जहां लॉकडाउन है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहा है। वहीं यहां न तो प्रशासन को इसकी चिंता है न सब्जी विक्रेताओं को और न ही खरीदार को। यहां सब कुछ आज भी पहले की तरह चल रहा है। लॉकडाउन की गंभीरता यहां आकर समाप्त हो जाती है। मंडी परिसर कूढ़ा सादात में सुबह से ही सब्जी और फल खरीदने वाले फुटकर विक्रेताओं और लोगों की भीड़ सैकड़ों में जमा होने लगती हैं।
करीब दो से तीन घंटे में ही मंडी में फल और सब्जी खरीदने वालों की भीड़ हजारों में हो जाती है। ऐसे में यदि कोई कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मंडी में आ जाए तो यह महामारी पूरे नगर क्षेत्र में फैलने में जरा भी देर नहीं लेगी। मंडी प्रशासन की लाउडस्पीकर द्वारा की जा रही तमाम अपील और सख्ती के बावजूद भी लोग डिस्टेंस में रहकर सब्जी और फल खरीदने के लिए तैयार नहीं हैं।
मंडी प्रशासन द्वारा मंडी के गेटों पर आने जाने वाले लोगों से सोशल डिस्टेंस बनाने की अपील की जाती है, साथ ही जगह-जगह इकट्ठे हो रहे लोगों को भी समझा बुझाकर सोशल डिस्टेंस में रहने का आग्रह किया जाता है। बावजूद लोग सोशल डिस्टेंस में रहने को तैयार नहीं है।
मंडी सचिव विनय शंकर राय ने बताया कि लोगों से सख्ती के साथ सोशल डिस्टेंस में रहकर फल और सब्जी खरीदने की अपील की जा रही हैं, लेकिन कुछ लोग मानने को तैयार नहीं हैं। आमजन भी मंडी में पहुंच कर दो-चार किलो सब्जियां और फल खरीद रहे हैं। जो एक बड़ी समस्या बनी हुई है। मंडी सचिव ने बताया कि यदि लोग सोशल डिस्टेंस के लिए समझाने बुझाने पर भी तैयार नहीं हुए तो पुलिस बल का सहयोग लिया जाएगा।