सोमवार को मणि पर्वत के झूलनोत्सव तथा शोभायात्रा के साथ सावन झूला मेले की शुरूआत हो गई। मेले के पहले पड़ाव मणि पर्वत झूलनोत्सव तथा शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एडीएम सिटी व एसपी सिटी डेरा डाले रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंच तैयारियां देखीं और निगरानी करते नजर आये। रोडवेज बस स्टेशन को अस्थाई मेला कंट्रोल रूम में तब्दील किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में आधुनिक 100 सीसीटीवी कैमरे लगवाये गये हैं।
जिसका नियंत्रण मेला कंट्रोल रूम से किया जा रहा है। इसी कक्ष में ड्रोन कैमरे का भी मॉनीटर लगाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर 12 कंपनी आरएएफ, सीआरपीएफ व पीएसी, छह एडीशनल एसपी, तीन हजार सिपाही, 300 होमगार्ड समेत अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जोन की कमान एडीएम व एएसपी, सेक्टर की कमान मजिस्ट्रेट व डिप्टी एसपी व थाना-कोतवाली प्रभारी तथा सब सेक्टर की कमान उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को दी गई है।
मेला क्षेत्र को बैरीकेडिंग कर रूट डायवर्जन का खाका तैयार किया गया है। ऐसी ही बैरीकेडिंग मठ-मंदिरों तथा सरयू के स्नान घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए की गई है। स्नान के दौरान डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए स्टीमर तथा लाइफ जैकेट के साथ पीएसी के बाढ़ राहत दल की कंपनी को तैनात किया गया है।
वर्जन :
एडीएम सिटी रामनिवास शर्मा और एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि मेले के लिए पर्याप्त मात्रा में फोर्स व संसाधनों का आवंटन हुआ है। भीड़ के मद्देनजर यातायात डायवर्जन का खाका खींचा गया है।
सोमवार को मणि पर्वत झूलनोत्सव व शोभायात्रा के साथ शुरू होने वाले सावन झूला मेले के पहले पड़ाव को सकुशल संपन्न करवा लिया गया।