-आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के समय सीमा में निस्तारण में लापरवाही पर डीएम नितीश कुमार ने अधिशाषी अभियंता नलकूप, जिला कृषि अधिकारी सहित छह अफसरों का दो दिन का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया है।
डीएम ने आईजीआरएस में शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा की। लापरवाही मिलने पर उत्तरदायित्व तय करते हुए पीयूष रंजन अधिशासी अभियंता नलकूप खंड/सिंचाई यांत्रिकी, वागीश शुक्ला अपर नगर आयुक्त नगर निगम, सत्यनारायण अधिशासी अभियंता विद्युत मिल्कीपुर/नोडल अधिकारी विद्युत कॉमन पोर्टल, हेमंत कुमार गुप्ता तहसीलदार सोहावल, राजेंद्र प्रसाद यादव उप निदेशक पर्यटन व ओम प्रकाश मिश्र जिला कृषि अधिकारी का दो-दो दिनों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है।
कहा कि आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर क्षम्य नहीं है। समीक्षा में सामने आया कि इन अधिकारियों को व्हाट्स एप ग्रुप व अन्य विभिन्न माध्यमों से बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरती। अधिकारियों से संबंधित लॉगिन आईडी पर डिफॉल्टर की श्रेणी में संदर्भ हैं। सभी अधिकारियों को चेतावती दी कि नियमित अपनी अपनी आईडी को लॉगिन करें। जनसुनवाई से जुड़े प्रकरण का निस्तारण समय से और गुणवत्ता के साथ करें।