अयोध्या। यूपी बोर्ड की परीक्षा की निगरानी के लिए बृहस्पतिवार को छह सचल दल का गठन किया गया है। बीएसए, डीआईओएस के अलावा चार राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को इसकी कमान सौंपी गई है। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 16 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षा नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा छह सचल दल का गठन किया गया है। यह सभी अलग-अलग टीम में रवाना होंगे और परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करके परीक्षा की गतिविधियों की निगरानी करेंगे।
इस बार बीएसए संतोष कुमार राय, डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय, डायट प्राचार्य संध्या श्रीवास्तव, राजकीय हाईस्कूल कहुआ के प्रधानाचार्य रामजी राय, प्रधानाध्यापक राजकीय हाईस्कूल भदौली बसंत कुमार, प्रधानाध्यापक राजकीय हाईस्कूल पूरे नंदा घनश्याम वर्मा व जीजीआईसी रुदौली की प्रधानाध्यापिका आफरीन फातिमा को सचल दल का प्रभारी बनाया गया है। प्रत्येक सचल में चार-चार सदस्यों को शामिल किया गया है।
डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसे लेकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे। परीक्षा के दौरान किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।