अयोध्या। जिले में शुक्रवार को अलग-अलग इलाकों में हुए चार हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। थाना इनायतनगर के बारुन बाजार स्थित पटखौली चौराहे पर एक बाइक पर सवार बुजुर्ग दंपति व उनके नाती को एसयूवी ने टक्कर मार दी।
हादसे में दंपति की मौत हो गई। कोतवाली रुदौली क्षेत्र में भेलसर के पास कार ने दो साइकिल सवारों को कुचल दिया। इसमें दोनों की मौत हो गई। थाना पटरंगा के गनौली कट के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। बीकापुर में ऑटो व बाइक की टक्कर में युवक की मौत हो गई।
बारुन प्रतिनिधि के अनुसार, अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बारुन चौकी क्षेत्र अंतर्गत पटखौली चौराहे पर शुक्रवार को सड़क पार कर रहे बाइक पर सवार तीन लोगों को एसयूवी ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में बाइक सवार मिहीलाल (70) निवासी मोहद्दीपुर थाना पूराकलंदर की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी सुरसती (65) व नाती देवा (21) को स्थानीय लोगों ने जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां से दोनों को गंभीर हालत में मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर भेज दिया गया।
कोमा में जाने के कारण सुरसती को चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। देवा के दोनों पैर में फैक्चर हो गया है। शाम को पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों के हवाले कर दिया।
थाना इनायतनगर प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि मृतक मिहीलाल करमडांडा स्थित अपनी पुत्री के घर नाती अंकित के वरीक्षा (मंगनी) में बाइक से करमडांडा जा रहा था। बाइक उसका पोता देवा चला रहा था, जिसने हेलमेट लगाया था। बताया कि एसयूवी को कब्जे में ले लिया गया है।
भेलसर प्रतिनिधि के अनुसार, पुलिस चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय मार्ग पर ग्राम कुढ़ासादात के सामने शुक्रवार दोपहर एक कार का टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर दो साइकिल पर सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इससे अगनू लाल व भददेय निवासी पड़रीबाबू थाना परसरामपुर जिला बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल में झब्बर निवासी पड़रीबाबू थाना परसरामपुर जिला बस्ती शामिल हैं।
भेलसर चौकी प्रभारी द्विवेश द्विवेदी ने बताया कि तीनों की पहचान उनके जेब से मिले आधार कार्ड से हुई। तीनों को सीएचसी रुदौली पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने अगनू व भददेय को मृत घोषित कर दिया। झब्बर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पटरंगा प्रतिनिधि के अनुसार, लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटरंगा थानाक्षेत्र के गनौली कट के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक मोहम्मद अरशद निवासी उदलू का पुरवा अमानीगंज थाना खंडासा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसमें सवार एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हाईवे पुलिस चौकी प्रभारी मिथिलेश ने बताया कि घायल महिला का सीएचसी खैरनपुर में इलाज चल रहा है। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के परोमा गांव के पास शुक्रवार शाम प्रयागराज हाईवे पर ऑटो से पकरी दुर्गादासपुर गांव निवासी रामप्रसाद पांडेय की बाइक टकरा गई। गंभीर घायल रामप्रसाद की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
ऑटो सवार अनारा देवी तथा उनकी देवरानी शिवपति निवासी परोमा बीकापुर व जमोली खुर्द गांव निवासी राजेश तिवारी भी दुर्घटना में जख्मी हो गए। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाया था। सिर में गंभीर चोट लगने के चलते मौत हुई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।