अयोध्या के दशरथ महल बड़ा स्थान में मंगलवार को शुरू हुई कथा में मौजूद महंत नृत्य गोपाल दास व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
रामनगरी अयोध्या में श्री राम विवाहोत्सव का श्रीगणेश हो चुका है तो वहीं अयोध्या की उत्सवधर्मिता भी फलक पर पहुंच रही है। विभिन्न मंदिरों में श्री राम विवाहोत्सव विविध धार्मिक आयोजनों के मध्य हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जाता है। परंपरागत रूप से होने वाले धार्मिक आयोजन कथा, प्रवचन, रामलीला आदि विभिन्न प्रांतों से अयोध्या पहुंचने वाले धर्मप्रेमी भक्तों के लिए श्रद्धा व आकर्षण का केन्द्र होती है।
दशरथ महल बड़ा स्थान में श्री सीताराम विवाहोत्सव की धूम है। ज.गु. रामदिनेशाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से हो रही श्रीरामकथामृत का पानकर श्रद्धालु अपना जीवन कृतार्थ कर रहे हैं तो वहीं मंदिर परिसर में हो रहा रामलीला मंचन भी भक्तों को आकर्षित कर रहा है।
विवाह महोत्सव का प्रधान केन्द्र विअहुति भवन में श्री सीताराम विवाहोत्सव का उल्लास छलक रहा है। विभिन्न धार्मिक आयोजनों से मंदिर गुलजार है। मंदिर के महंत बैजनाथ शरण जी महाराज के पावन सानिध्य में प्रवचन, विवाह की रस्में आदि संपादित हो रही हैं तो वहीं पल-पल का पुण्य एकत्र करने हेतु मंदिर में उमड़े भक्तों के चेहरे पर बेसब्री भी स्पष्ट परिलक्षित होती है।
जानकी महल ट्रस्ट में भी श्री सीताराम विवाहोत्सव का श्रीगणेश हो चुका है तो वहीं कनक भवन में श्री सीताराम विवाह का उत्सव लोकमंगल का वाहक बना हुआ है। प.नरेन्द्र शुक्ल के श्रीमुख से हो रही कथा की सुधा वृष्टि में भक्त सराबोर हो रहे हैं।
रामनगरी अयोध्या में श्री सीताराम विवाहोत्सव की धूम परिलक्षित हो रही है। रामविवाह का मुख्य उत्सव 5 दिसम्बर को मनाया जाएगा। इसी दिन अयोध्या के विभिन्न मंदिरों से शोभायात्रा के रूप में भव्य राम बारात भी निकाली जाएगी।
साथ ही इसी क्रम में चार दिवसीय रामायण मेला भी प्रस्तावित है। 3 दिसम्बर से 6 दिसम्बर तक रामकथा पार्क में रामायण मेले का आयोजन होगा जिसका उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय करेंगे। रामायण मेले के दौरान प्रतिदिन संतों का प्रवचन, रामलीला मंचन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अयोध्या गुलजार होगी।