अयोध्या। आरएसएस के सर कार्यवाह भैय्या जी जोशी ने गुरूवार की सुबह श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से उनके आश्रम मणिरामदास की छावनी जाकर मुलाकात की और उन्हें उनके 82 वें जन्मोत्सव की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का कार्य अब तेज गति से शुरू हो चुका है। रामलला की गरिमा के अनुरूप ही राममंदिर का निर्माण होगा, अयोध्या की भव्यता दर्शन योग्य होगी। वे बुधवार की शाम अयोध्या पहुंचे थे और रामजन्मभूमि परिसर स्थित मानस भवन में रात्रि विश्राम किया। उन्होंने रामजन्मभूमि में चल रहे समतलीकरण कार्य को भी देखा।
संघ सर कार्यवाह भैया जी जोशी ने कहा कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। भगवान श्री राम लला की गरिमा के अनुरूप ही राम मंदिर का निर्माण होगा। यह जरूर है कि मंदिर बेहद अच्छा, मजबूत बने और लंबे समय तक दिखाई देगा। वही बताया कि आज महंत नृत्य गोपाल दास जी का जन्म उत्सव है, उनका जीवन ही हम लोगों के लिए बड़ा संदेश है। वही बताया कि लोग चर्चा करते रहे लेकिन परिसर में मंदिर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस कार्य में समय कितना लगेगा यहां यह नही कहा जा सकता है। आज रामजन्मभूमि पर भगवान श्री राम लला के दर्शन के लिए गया था और दर्शन कर बहुत प्रसन्न हूं।
साथ ही अयोध्या के विकास को लेकर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि शासन स्तर पर विचार किया जा रहा है। जो भी निर्णय करेंगे उसका स्वागत करेंगे। अयोध्या दर्शन योग्य है और दर्शन योग्य रहेगी, आगे भी अयोध्या की भव्यता देखने योग्य होगी। उन्होंने राममंदिर के लिए भूमि पूजन के सवाल पर कहा कि यह विषय ट्रस्ट का है, सारी चीजें ट्रस्ट को तय करना है। इससे पूर्व उन्होंने महंत नृत्य गोपाल दास को वस्त्र व फल भेंट कर जन्मोत्सव की बधाई दी। कारसेवकपुरम में पदाधिकारियों से मिलने के बाद उन्होंने ट्रस्ट के सदस्य बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के आवास पर भोजन कर अयोध्या से रवाना हुए। इस दौरान श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, महंत कमलनयन दास, ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, प्रांत प्रचारक मनोज, प्रांत प्रचारक कौशल, विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज सहित अन्य मौजूद रहे।
इनसेट
ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बंद कमरे में की वार्ता
संघ के सर कार्यवाह भैय्या जी जोशी ने ट्रस्ट के सदस्यों के साथ मणिरामदास छावनी में बंद कमरे में करीब आधा घंटा तक वार्ता की। इस दौरान मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास व रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य वासुदेवानंद सरस्वती, डॉ. अनिल मिश्रा, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के साथ बंद कमरे में वार्ता की । माना जा रहा है कि बैठक में राममंदिर के भूमि पूजन सहित ट्रस्ट की बैठक को लेकर चर्चा की गयी है।
रामलला की कृपा से शीघ्र बनेगा मंदिर: वासुदेवानंद
फोटो-10
इस दौरान मौजूद ट्रस्ट के सदस्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने कहा कि भगवान श्री राम लला अस्थाई मंदिर में विराजमान हैं वह स्थान भी बहुत अच्छा बना हुआ है। उनका दर्शन कर ऐसा लगा कि पांच सौ वर्षों की तपस्या अब फलीभूत होने को है। बताया कि परिसर का कार्य शुरू है समतलीकरण कार्य काफी हद तक आगे बढ़ चुका है। राम लला की कृपा जैसे-जैैसै होगी उसी तरह कार्य भी आगे बढ़ेगा। बाबरी विध्वंस केस पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बाबरी विध्वंस केस का कोई मतलब नहीं रह गया है। बाबरी विध्वंस नहीं हुआ था, वह विवादित ढांचा था। रामलला उसमें विराजमान थे, अब उसका पुनरूद्घार किया जा रहा है।
प्रस्तावित मंदिर मॉडल पर होगा विचार
फोटो-11
अयोध्या। प्रस्तावित राममंदिर मॉडल को लेकर रामनगरी में छिड़ी बहस के सवाल पर श्रीरामजन्मभूमितीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि लाखों, करोड़ों रामभक्त अयोध्या में शीघ्रातिशीघ्र दिव्य-भव्य राममंदिर का निर्माण चाहते हैं। भव्य मंदिर को लेकर छिड़ी बहस पर कहा कि इसको लेकर ट्रस्ट के सदस्यों व संतों के साथ बैठक कर शीघ्र विचार किया जाएगा। कहा कि संत-धर्माचार्य भूमि पूजन के लिए शीघ्र ही प्रधानमंत्री मोदी को निमंत्रण देगें, राममंदिर का निर्माण कार्य अयोध्या में शुरू हो चुका है।