अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के मछली मंडी में बने एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को अयोध्या विकास प्राधिकरण ने ढहा दिया। सरकारी जमीन पर हुए इस निर्माण को लेकर लंबे समय से अदालती कार्यवाही चल रही थी। एडीए अध्यक्ष की कोर्ट में ढहाए जाने का फैसला आने के बाद अधिकारियों ने यह कदम उठाया है।
मछली मंडी के पास नियावां चौराहे से जमथरा घाट जाने वाली रोड पर प्रेम सोनी ने नाले और सड़क के बीच की सरकारी जमीन पर एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा लिया था। अधिकारियों के अनुसार, इस कॉम्प्लेक्स का न तो नक्शा पास था और न ही इसमें सुरक्षा संबंधी कोई उपाय किए गए थे।
ऐसे में एडीए ने जब इसे पहले ही ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया था तो उस वक्त शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के मालिक ने हाईकोर्ट की शरण ले ली। हालांकि हाईकोर्ट से यह मामला मंडलायुक्त जो प्राधिकरण के अध्यक्ष भी हैं, उनकी कोर्ट में सुनवाई के लिए आया।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने इस मामले की सुनवाई करते हुए निर्माण को पूरी तरह सरकारी जमीन पर अवैध पाया। उन्होंने इसके ध्वस्तीकरण के आदेश दिए थे। आदेश का पालन कराने के लिए एक दिन पहले ही एडीए सचिव सत्येंद्र सिंह जब कॉम्प्लेक्स पहुंचे थे तो उनका कॉम्प्लेक्स स्वामी प्रेम सोनी से विवाद हो गया था।
इसकी रिपोर्ट सचिव ने थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद शुक्रवार को एडीए अपने दस्ते और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और पूरे भवन को ढहा दिया। एडीए सचिव सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अवैध भवनों के खिलाफ इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।