अयोध्या। इस बार रामजन्मोत्सव में मंदिर निर्माण की खुशी व्यापक स्तर पर झलकेगी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहली बार नौ दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार कर रहा है। महोत्सव दिव्य-दिव्य हो इसके लिए 51 सदस्यीय समिति का भी गठन कर दिया गया है। समिति की पहली बैठक शुक्रवार को रामकथा संग्रहालय में हुई।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, श्रीरामजन्म महोत्सव समिति बनाकर आगामी नवसंवत्सर और श्रीराम नवमी पर नौ दिवसीय कार्यक्रम करेगी। इन कार्यक्रमों में अयोध्या की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखेगी। सांस्कृतिक, धार्मिक व खेलों से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसका मकसद स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाना भी है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी तो परंपरागत खेलों के जरिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता महंत मिथिलेश नंदिनी शरण ने की। मुख्य अतिथि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने समिति के सदस्यों से कार्यक्रमों को लेकर सुझाव मांगा। समिति में शामिल विहिप के शरद शर्मा ने बताया कि महोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए बैठकों का दौर लगातार जारी रहेगा।
साधु-संतों व सामाजिक लोगों से राय लेकर कार्यक्रमों की सूची तैयार की जाएगी। आयोजन के लिए गठित समिति में संत, चिकित्सक, शिक्षक, अधिवक्ता, व्यवसायी, संघ व विहिप से जुड़े लोग शामिल किए गए हैं।
बैठक में ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, महंत गिरीशपति त्रिपाठी, संघ के महानगर संघ चालक डॉ. विक्रमा पांडेय, वरिष्ठ प्रचारक गोपालजी, पार्षद रमेश दास, सरदार चरनजीत सिंह, सुधाकर पांडेय समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।