दुकान में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
नगर कोतवाली क्षेत्र में देवकाली चौकी के सामने साइकिल व हार्डवेयर की दुकान में शुक्रवार की भोर आग लग गई। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने जानकारी पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी। फायर दस्ते ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
मूलरूप से थाना रामजन्मभूमि क्षेत्र के टेढ़ी बाजार निवासी मुजीब ने सन् 1987 में देवकाली पुलिस चौकी के सामने किराये पर साइकिल मरम्मत की दुकान खोली थी। बाद में यहीं पर साइकिल व हार्डवेयर स्टोर खोल लिया। रोज की तरह गुरुवार रात वह दुकान बंद कर अपने बेटे के साथ घर चले गए थे।
शुक्रवार की भोर देवकाली क्षेत्र स्थित दुकान के बगल में रहने वाले एक परिचित ने उनके मोबाइल पर फोन करके बताया कि दुकान में आग लगी हुई है। मामले की जानकारी पुलिस व अग्निशमन विभाग को देकर वह लड़कों के साथ दुकान पहुंचे।
मौके पर पहुंचे फायर दस्ते ने आग पर काबू पाने की कवायद शुरू की। गेट तोड़कर पानी की बौछार भीतर की गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीओ सिटी अजय उपाध्याय व नगर कोतवाल एके राय ने मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली है।
पीड़ित दुकान मालिक मुजीब का कहना है कि अग्निकांड में साइकिल के टायर-ट्यूब, विभिन्न पार्ट्स तथा हार्डवेयर का सामान जल गया। उन्होंने लगभग पांच लाख के नुकसान की आशंका जताई है। वहीं अग्निशमन अधिकारी एनपी सिंह का कहना है कि क्षति का आकलन कराया जा रहा है।