बांग्लादेश के 15 हिंदू मंदिरों में आगजनी तथा सैकड़ों हिंदुओं के घरों में मुस्लिम समुदाय द्वारा लूट की घटना पर श्रीराम जन्मभूमि न्यास कार्याध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने प्रधानमंत्री को इसे तत्काल संज्ञान में लेने की अपील की है।
न्यास अध्यक्ष श्रीदास ने बांग्लादेश में हिंदू परिवारों व मठ मंदिरों पर की गई बर्बरता पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान हो या बांग्लादेश दोनों मुस्लिम देशों में हिंदुओं का उत्पीड़न वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
उन्होंने सन् 1947 में राष्ट्र विभाजन को सबसे बड़ा षड्यंत्र बताया। कहा कि पाकिस्तान और उससे विभाजित बांग्लादेश दोनों देशों में रहने वाले अल्पसंख्यक हिंदुओं के साथ हिंसक घटनाओं का होना धार्मिक कट्टरता की पराकाष्ठा प्रदर्शित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में बात-बात में विषबमन करने वाले कथित सेक्युलरवादियों ने कभी भी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर अपने कंठ नहीं खोले। इस प्रकार का दोहरा चरित्र देश के लिए खतरनाक है।
कहा कि भारत को जहां पाकिस्तानी आतंकियों से खतरा है, वहीं करोड़ों बांग्लादेशी घुसपैठियों से भी सुरक्षा तार-तार हो रही है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय हिंदू नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये आगे आए।