शुजागंज बाजार में एक साल पहले 84 लाख रुपये खर्च कर बनाया गया नाला पहली बारिश में ही मंगलवार को ढह गया। इसकी वजह निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ हुआ खिलवाड़ बताया जा रहा है।
शुजागंज-टिकैत नगर संपर्क मार्ग के दोनों तरफ जलनिकासी के लिए उक्त नाला लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाया गया था।
संपर्क मार्ग के दोनों पटरियों पर दुकानदारों ने भी नाले को कई जगह पाट दिया था जिसकी वजह से जलभराव की स्थित उत्पन्न हो गयी। सुबह हुई जबरदस्त बारिश की वजह से पानी के दबाव के कारण नाला ढह गया। बताते हैं कि बारिश से पहले नाले की सफाई तक नहीं हुई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि फगोली कुर्मियान में तैनात सफाई कर्मी कभी आते ही नहीं हैं। इसकी वजह से मुख्य मार्ग पर स्थित नाले के साथ ही अन्य नालियों से भी जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो गयी है। शुजागंज कैथी संपर्क मार्ग के नीचे नाले में पड़ी पुलिया संकरी होने की वजह से पानी का दबाव बन जाने से नाले के ऊपर से पानी बहने लगता है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एके सिंह कहते हैं कि वहां बाराबंकी यूनिट ने काम कराया था, शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, नाला ढह जाने के संबंध में बीडीओ रुदौली पुष्प वर्मा ने बताया कि जेई को भेजकर जांच कराई जाएगी।