पंचायत चुनाव के पहले चरण में जनपद में जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत पदों के लिए चुनाव कराया गया था। रौनाही थाने के सोहावल क्षेत्र से सूबे के कद्दावर मंत्री की पत्नी जिला पंचायत का चुनाव लड़ रही थीं तो पार्टी की ही रश्मि जायसवाल भी मैदान में थीं। चुनाव को ऐन-केन प्रकारेण अपने पक्ष में करने के लिए अन्य प्रत्याशियों के साथ दोनों ने दम लगाया। जिसको लेकर दोनों के पक्षों के बीच संघर्ष भी हुआ।
मामला पुलिस की चौखट तक जा पहुंचा तो सत्ता की हनक दिखाने की कोशिश हुई। पुलिस ने फरमान का लिहाज किया, लेकिन कानून तथा सामाजिकता का ध्यान रखा। यही बात सत्तासीन को नागवार लग गई। पहले तो लोकल स्तर पर कार्रवाई कराने की पेशबंदी हुई और विलंब होने पर ऊपर से रौनाही थाने का प्रभार देख रहे बृजेश चंद तिवारी का इलाहाबाद जोन तबादला करवा दिया गया। इधर ग्राम प्रधान चुनाव की डुगडुगी बजने के बाद जिला स्तर पर सीओ तथा थाना प्रभारियों में फेरबदल किया गया।
पूरा ब्लॉक के एक मतदान केंद्र पर हुए बवाल के मद्देनजर रिपोर्ट दर्ज कराने तथा सत्ता से जुड़े जिपं सदस्य की गिरफ्तारी को लेकर सत्तासीन के निगाह में आये महराजगंज थाना प्रभारी राजेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। मिल्कीपुर क्षेत्र से जिला पंचायत चुनाव में ताल ठोंक रहे सत्तासीन के बेटे की हार का खामियाजा सीओ मिल्कीपुर आरबी सिंह को भुगतना पड़ा। ताजा फेरबदल में श्री सिंह को वहां से हटाकर सीओ यातायात का प्रभार दिया गया है।
जबकि सीओ यातायात देवेंद्र प्रताप सिंह को मिल्कीपुर सर्किल की कमान सौंपी गई है। रुदौली क्षेत्र में इलाकाई क्षत्रपों की नाराजगी रुदौली कोतवाली का प्रभार देख रहे निरीक्षक सज्जाद हुसैन नकवी को भुगतनी पड़ी। श्री नकवी को कम महत्व के थाने महराजगंज का प्रभारी बनाया गया है। एसएसपी ने अपने जनसंपर्क अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह को कोतवाली रुदौली तथा शिवाजी सिंह को रौनाही थाने का प्रभार सौंपा है।
वहीं कानून व्यवस्था के मुद्दे पर फिसड्डी साबित दिख रहे कई थाना प्रभारियों के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि जिले का चार्ज लेने के बाद एसएसपी ने थाना व कोतवाली प्रभारियों को अपना रवैया सुधारने तथा कानून व्यवस्था की कसौटी पर खरा उतरने के लिए तीन नवंबर कर की मोहलत दी थी।
एसएसपी मोहित कुमार ने बुधवार को बताया कि कानून व्यवस्था की बेहतरी के मद्देनजर मिल्कीपुर के सीओ आरबी सिंह को सीओ यातायात तथा सीओ यातायात रहे देवेंद्र सिंह को सीओ मिल्कीपुर बनाया गया है। महराजगंज थाना प्रभारी राजेश सिंह को लाइन हाजिर कर वहां रुदौली कोतवाली का प्रभार देख रहे निरीक्षक सज्जाद हुसैन नकवी की तैनाती की गई है। रौनाही थाने का प्रभार शिवाजी सिंह तथा रुदौली का गजेंद्र पाल सिंह को सौंपा गया है।